चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और उनके बेटे का मांगा इस्तीफा, आरक्षण पर बहुत आगे बढ़ गई बात
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष कुमार सुमन का इस्तीफा मांगा है. आरक्षण को लेकर दोनों केंद्रीय मंत्रियों के बीच सियासी तकरार अब स्थिति की मांग तक आ पहुंची है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
पटना, 30 अगस्त 2026. बिहार के 2 कद्दावर केंद्रीय मंत्रियों के बीच आरक्षण पर तकरार अब कुछ अधिक ही आगे बढ़ गई है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मोदी मंत्रिमंडल में अपने सहयोगी मंत्री जीतन राम मांझी का इस्तीफा मांगा है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में मंत्री मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन भी इस्तीफा दें.
चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष कुमार सुमन का भी मांगा इस्तीफा
चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष कुमार सुमन का इस्तीफा मांग सियासी तूफान को राजनीतिक गलियारों में बढ़ा दिया है. चिराग पासवान ने कहा है कि अगर जीतन राम मांझी क्रीमी लेयर का कॉन्सेप्ट लाना चाहते हैं, तो जीतन राम मांझी पहले कैबिनेट से इस्तीफा दें और उनके पुत्र संतोष कुमार सुमन भी बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दें.
क्रीमी लेयर पर सदन में चर्चा हो: चिराग पासवान
चिराग पासवान यहीं नहीं रुके. आरक्षण को लेकर उन्होंने जीतन राम मांझी की मांग पर कहा है कि अगर क्रीमी लेयर की बात हो रही है तो इस पर सदन में चर्चा हो. यदि संविधान को बदलना है तो सब लोगों को लोकसभा के पटल पर आना होगा. आरक्षण का आधार आर्थिक नहीं है. आरक्षण के मामले पर हर कोई अपनी - अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगा है.
राहुल गांधी पर भी चिराग का हमला
राहुल गांधी पर भी चिराग पासवान ने आरक्षण को लेकर जोरदार हमला बोला है. चिराग पासवान ने कहा है कि अगर समाज में भेदभाव है तो किसके लिए कांग्रेस जिम्मेवार है. क्योंकि देश में सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की ही सरकार रही है. उन्होंने गरीबों, वंचितों और शोषितों के लिए क्या किया?
आरक्षण पर मांझी और चिराग में जोरदार बयानबाजी
जब से जंतर मंतर पर आरक्षण के लिए विरोध में आंदोलन शुरू हुआ है तभी से चिराग पासवान और जीतन राम मांझी आमने-सामने हैं. यही नहीं, जीतन राम मांझी के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने शनिवार की सुबह चिराग पासवान का नाम लिए बिना उन पर तीखे हमले किए. इसके बाद चिराग पासवान ने दोनों का नाम लेकर ताल ठोक दिया है. बड़ी बात यह है कि चिराग पासवान और जीतन राम मांझी दोनों ही बिहार कोटे से केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री हैं. जाहिर है कि आरक्षण पर इन दोनों मंत्रियों के बीच सियासी जंग अब काफी बढ़ गई है.