CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का राज्यभर में कलेक्टोरेट घेराव, कई जगह पुलिस से झूमाझपटी
रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा के मांग को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत भी शामिल हुए हैं। प्रदेश भर के कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने निकले थे। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झूमाझपटी भी हुई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। छत्तीसगढ़ के 25 लाख वोटर्स के नाम जो वोटर लिस्ट से काटे गए हैं उन्हें वापस जोड़ना चाहिए।
कलेक्टोरेट घेराव से पहले राजीव भवन में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई जिसमें ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और स्मार्ट मीटर को लेकर राज्यव्यापी प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई। जिलाध्यक्षों की अगुवाई में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से कलेक्टोरेट कूच किए। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। दुर्ग में कांग्रेस के तीनों जिला अध्यक्ष काले कपड़े पहनकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर लौट गए।
रायगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्टोरेट से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने बैरिकेट्स तोड़कर आगे बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। राजनांदगांव में भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार की अगुवाई में कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया।