कवर्धा में DMF की राशि खर्च करने जंगल में बना दिया पुल, सड़क का अता पता नहीं
कवर्धा में एक अजीबोगरीब को मामला सामने आया है। जहाँ DMF की राशि खर्च करने जंगल में पुल बना दिया गया है। जबकि आसपास कोई सड़क ही नहीं है।
कवर्धा, 28 सितंबर 2026। कबीरधाम में सरकारी निर्माण कार्यों को लेकर बड़ा सवाल सामने आया है।
बोड़ला ब्लॉक के बोल्दा खुर्द और बोल्दा कला में DMF फंड से करीब 19 लाख 82 हजार रुपये की लागत से पुलिया बनाई गई है। दावा है कि काम 10 मार्च 2026 को पूर्ण हो चुका है। लेकिन मौके पर पुलिया के आसपास स्पष्ट सड़क या पहुंच मार्ग नजर नहीं आ रहा है। आखिर करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनी इस पुलिया का उपयोग कैसे और किसके लिए होगा?
घने जंगल और झाड़ियों के बीच नजर आ रही है यह पुलिया तक पहुंचने वाला स्पष्ट रास्ता नजर नहीं आया।
2025-26 की स्वीकृति के तहत 19 लाख 82 हजार रुपये की लागत से बने इस निर्माण की उपयोगिता को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल के चयन और कार्य की निगरानी की जांच होनी चाहिए। वहीं पंडरिया विधानसभा के उसलापुर गांव के ग्रामीण आज भी उफनती नदी को अस्थायी लकड़ी और बांस के पुल से पार करने को मजबूर हैं। एक तरफ ग्रामीण पक्के पुल की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ जंगल के बीच लाखों रुपये की पुलिया निर्माण पर सवाल उठ रहे हैं। अब सवाल है क्या इस पुलिया की जरूरत और उपयोगिता का आकलन सही तरीके से हुआ था? जिम्मेदार अधिकारी जांच के बाद ही तस्वीर साफ कर पाएंगे।