• घर में छापते थे नकली नोट, बना रखा था पूरा सेटअप...  7 गिरफ्तार, केमिकल और नकली नोट बरामद

    बेंगलुरु दक्षिण जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने रामनगर के आइजूर इलाके में एक नवनिर्मित मकान पर दबिश देकर करीब 5 लाख मूल्य के नकली नोटों से जुड़े कागज बंडल और केमिकल बरामद किए हैं.समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:- 

    बेंगलुरु, 3 सितंबर 2026. बेंगलुरु दक्षिण जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 5 लाख  रुपए मूल्य के नकली नोटों से जुड़े कागज के बंडल, केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक नवनिर्मित मकान में नकली नोट छापने का काम कर रहे थे.

    घर के अंदर छाप रहे थे नकली नोट

    पुलिस को बीते 31 अगस्त को सूचना मिली थी कि रामनगर इलाके के  आइजूर पुलिस क्षेत्र के एक नए घर के अंदर नकली नोट छापे जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मकान पर छापेमारी की. इस दौरान मौके से  7 आरोपियों को दबोच लिया गया. दबोचे गए आरोपियों की पहचान संतोष (35 वर्ष ), सतीश (36 वर्ष ), संपत  ( 33 वर्ष ), राजेश ( 34 वर्ष), रेणुका राज ( 31 वर्ष ), शिवराज ( 42 वर्ष ) और गोविंद राज ( 50 वर्ष के तौर पर हुई है.

    पुलिस ने मकान की तहकीकात के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसा कागज बरामद किया, जिसका इस्तेमाल नकली नोट तैयार करने के लिए किया जा रहा था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामद सामग्री से करीब 5 लाख  रुपए के नकली नोट तैयार किए जाने थे. ये नोट अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुए थे और छपाई की प्रक्रिया में थे. पुलिस ने नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल भी जब्त किए हैं.

    गिरोह में शामिल लोगों का पता करने में जुटी पुलिस टीम 
    पुलिस अब यह पता करने में लगी है कि इस कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं एवं तैयार किए गए नकली नोटों को कहां-कहां खपाया जाता था. आरोपियों से पूछताछ के जरिए गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे मौजूद लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. अब इस मामले में आइजूर पुलिस में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी गई है.