तारापीठ मंदिर के पास होटल में लगी आग, 6 की जिंदा जलकर मौत, कई गंभीर, बीरभूम में बड़ा हादसा
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में आज सोमवार 17 अगस्त को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां के एक होटल में भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और कई घायल लोग अस्पताल में भर्ती है. मौके पर अधिकारी पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-
कोलकाता, 17 अगस्त 2026. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां एक होटल में लगी भीषण आग में 6 लोगों की जलकर मौत हो गई. बचाव कार्य जारी है. बताया जा रहा है कि जिस समय होटल में आग लगी, वहां पर रुके गेस्ट सो रहे थे.
कईयों का दम घुटने लगा. मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी है. बताया जा रहा है कि होटल में आग सोमवार की सुबह करीब 4 बजे लगी. उस समय होटल के कमरे में सभी गेस्ट सो रहे थे. आग लगने की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका है.
रामपुरहाट के सरकारी अस्पताल में भर्ती है पीड़ित
आग तेजी से पूरे होटल में फैल गई, जिससे परिसर में घना धुंआ भर गया और गेस्ट अंदर ही फंसे रहे. हालांकि, दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया और घायलों को बचाया गया. खबर है कि सभी घायलों को इलाज के लिए रामपुरहाट शासकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है.
तारापीठ मंदिर के पास है "बिदिशिनी " होटल
जिस होटल में आग लगी है, वह तारापीठ मंदिर के पास है और होटल से ही सटा हुआ स्थानीय पुलिस स्टेशन भी है. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो होटल में आग यहां ग्राउंड फ्लोर से ऊपर की ओर फैली.
तारापीठ मंदिर में दर्शन करने आए थे श्रद्धालु?
कहा जा रहा है कि "बिदिशिनी " होटल तारापीठ मंदिर के पास है. यहां पर दर्शन करने वाले श्रद्धालु ही ज्यादातर इस होटल में ठहरते हैं. जिन लोगों की आग में जलकर मौत हुई है, वह भी मंदिर में दर्शन करने आए थे अब रात को यहां पहुंचे थे तथा आराम के लिए होटल में रुके थे. उन्हें सोमवार को मंदिर में दर्शन करने जाना था, लेकिन उससे पहले ही उनकी जलकर मौत हो गई.
आग से बचकर निकली महिला ने बताया होटल में क्या हुआ?
होटल अधिकारियों का कहना है कि आग शायद शार्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. अधिकारियों ने अभी तक आग लगने की सटीक वजह की पुष्टि नहीं की है. वहीं, आग से बचकर बाहर निकली मुनमुन मंडल ने कहा कि सुबह में अचानक पूरा होटल धुएं से भर गया. हमें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और हमें तुरंत बाहर निकलने का रास्ता भी नहीं मिल रहा था. तारापीठ में काफी भीड़ थी सोमवार को सावन का तीसरी सोमवारी है. जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर वाले शहर में आए हुए थे.
बचाव कार्य में मदद के लिए मौके पर पहुंची स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता प्रिया रॉय ने कहा कि सुबह-सुबह बारिश हो रही थी, इसलिए होटल में सारे लोग गहरी नींद में सो रहे थे और हमें भी शुरू में समझ नहीं आया कि होटल के अंदर क्या हुआ है. अधिकारी नुकसान के दायरे और आग से प्रभावित लोगों की संख्या का पता लगा रहे हैं. खबर है कि होटल के मालिक कल्याण पाल को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.