हाई कोर्ट का सोनम वांगचुक को मेदांता शिफ्ट करने का आदेश: जंतर - मंतर पर पुलिस के खिलाफ नारे
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता शिफ्ट करने का आदेश दिया. कोर्ट ने कहा कि मेदांता उनके इलाज के लिए डॉक्टर का एक पैनल बनाएगा. कोर्ट ने यह आदेश उनकी पत्नी गीतांजलि आंगमो की याचिका पर दी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 22 जुलाई 2026. सोनम वांगचुक पिछले 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं. 18 जुलाई को तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस उन्हें बलपूर्वक जंतर मंतर से उठा ले गई और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कर दिया. इस बीच, उनकी पत्नी ने कोर्ट में याचिका लगाकर उन्हें पसंद के अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की थी. उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का जंतर मंतर पर मंगलवार को 23वें दिन भी प्रदर्शन जारी है. दोपहर 12 बजे तक हजारों की संख्या में आंदोलनकारी मौजूद दिखे.
वहीं, मंगलवार की सुबह कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने आंदोलनकारियों को नाश्ता खिलाया और समर्थन देने की बात कही. मंगलवार सुबह जब सुरक्षा व्यवस्था के लिए वहां पुलिस पहुंची तो सीजेपी समर्थकों ने हाय - हाय के नारे लगाए. इससे पहले संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार की देर शाम को जंतर मंतर खाली करा लिया था, लेकिन आंदोलनकारी देर रात फिर वहां एकत्रित हो गए.
मंगलवार के बड़े अपडेट्स
सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा, 'हम संसद मार्च आज इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है. इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है.'
● सोनम वांगचुक आज भी अनशन पर हैं. उन्होंने कहा- पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद वे अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है.
● एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए. दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी.
● राहुल गांधी ने कहा कि इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावा पीएम और गृह मंत्री इस्तीफा दें और छात्रों से माफी मांगे. राहुल गांधी ने कहा, इस मामले में जवाबदेही तय होनी ही चाहिए.
● दिल्ली हाई कोर्ट ने सोनम वांगचुक को मेदांता शिफ्ट करने की मंजूरी दी
दिल्ली हाईकोर्ट ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से उनकी पसंद के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट करने की मंजूरी दे दी है. वांगचुक को मेदांता ले जाया जाएगा और सफदरजंग अस्पताल उनके इलाज के सभी मेडिकल दस्तावेज मेदांता को सौंपने जा रहा है. कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, मेदांता अस्पताल के निर्देश एक डॉक्टरों का पैनल बनाएंगे, जो सोनम वांगचुक को आगे के इलाज की पूरी देखरेख करेगा. वांगचुक को दिल्ली पुलिस 18 जुलाई को जंतर मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी.
अखिलेश बोले - कई छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आई
सपा सांसद अखिलेश यादव बोले - छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए. इससे सरकार की छवि खराब हो रही है. डॉक्टरों ने बताया है कि दर्जनों छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आई है. क्या यही सबका साथ, सबका विकास है?
केजरीवाल ने कहा- छात्रों के खिलाफ झूठी शिकायत
सीजेपी के प्रदर्शन में घायल छात्रों से मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा मुझे सोशल मीडिया पर लगातार संदेश मिल रहे हैं कि कई बच्चों को पुलिस ने उठाकर जेल में डाल दिया है और कई छात्रों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज की गई है.
खड़गे ने पूछा - छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों हुआ
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार से पूछा, 'छात्रों पर आंसू गैस क्यों छोड़ी गई, क्यों लाठीचार्ज किया गया. आज कई छात्र अस्पताल में हैं.' उन्होंने सरकार से प्रदर्शनकारियों और जेपी नड्डा के बीच हुई बातचीत की जानकारी सदन में देने की मांग भी की.
प्रियंका गांधी ने कहा- शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी, इस्तीफा दें.
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'यह सरकार पूरी तरह युवा विरोधी है. यह युवाओं, गरीबों और किसानों के खिलाफ है. पिछले 12 साल से हम यही देख रहे हैं.'
● उन्होंने कहा,' जब किसान आंदोलन करते हैं तो उन्हें दबाया जाता है. अब छात्रों की आवाज भी दवाई जा रही है. वे बच्चे हैं, उनकी बात शांतिपूर्वक सुननी चाहिए.'
● उन्होंने कहा,' यह शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी है. उन्हें इस्तीफा देना चाहिए. एक समय था जब मंत्री अपनी जिम्मेदारी लेते थे. मझे याद है कि 1980 के दशक में एक ट्रेन हादसे के अगले दिन ही मंत्री ने इस्तीफा दे दिया था. इसलिए जिम्मेदारी दीजिए, इस्तीफा दीजिए और सबसे जरूरी, व्यवस्था को ठीक कीजिए.'
सांसद चंद्रशेखर आजाद धरने पर बैठे
सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे हैं. उनका यह विरोध प्रदर्शन पेपर लीक मामले और सोमवार को सीजेपी के विरोध मार्च के दौरान पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ है. चंद्रशेखर आजाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
सीजेपी बोली - लाठी चार्ज सिर्फ पुलिस ने किया
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा की लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया. हमारे युवाओं को पीटा गया, उनके सिर फोड़ दिए गए और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया. वहीं, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि मैडम को ट्रक के नीचे उतारने के लिए उनके बाल खींचे गए. रांका ने कहा, ऐसी बर्बरता की कभी उम्मीद नहीं की थी.