कवर्धा: नए शिक्षा सत्र के पहले दिन स्कूल पर लटका ताला
छत्तीसगढ़ में आज नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुई है। स्कूल खुलने के पहले दिन आज नवप्रवेशी नन्हे मुन्ने बच्चों की आरती उतार कर उनका अभिनंदन किया गया। वहीं राजधानी से 180 किमी दूर कबीरधाम जिले के महाराजपुर डी प्राथमिक शाला पहले दिन ही बंद मिला।
कवर्धा, 16 जून 2026। प्रदेशभर में सोमवार 16 जून से नए शिक्षण सत्र 2026-27 की शुरुआत हुई। एक ओर सरकार प्रवेश उत्सव मनाकर बच्चों का विद्यालयों में स्वागत किया जा रहा है, वहीं कबीरधाम जिले से शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत उजागर करने वाली तस्वीर सामने आई है।
जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर जामुनपानी ग्राम पंचायत स्थित महाराजपुर डी प्राथमिक शाला नए सत्र के पहले ही दिन बंद मिला। मंगलवार को महाराजपुर गांव पहुंचे हमारे संवाददाता ने देखा कि विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था। मौके पर न तो कोई शिक्षक उपस्थित था और न ही विद्यालय परिसर में बच्चों की कोई गतिविधि दिखाई दी।
प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में नए शिक्षण सत्र के पहले दिन ही विद्यालय का बंद मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि पहले दिन ही विद्यालय नहीं खुल पाया, तो शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत को लेकर बच्चों और अभिभावकों में उत्साह था, लेकिन विद्यालय बंद मिलने से उन्हें निराशा हाथ लगी। अब सवाल यह है कि विद्यालय बंद रहने के लिए जिम्मेदार कौन है और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पूरे प्रदेश में प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा था, तब महाराजपुर डी प्राथमिक शाला के मुख्य द्वार पर पहले ही दिन ताला क्यों लटका मिला?