• इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रहा जहाज समंदर में डूबा, 140 लापता

    इंडोनेशिया में यात्रियों को लेकर जा रहा एक पैसेंजर जहाज समंदर में डूब गया है। जहाज पर 243 यात्री सवार थे। अभी तक 1 व्यक्ति की मौत हो गई है, 102 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि बाकियों की तलाश जारी है।

    नई दिल्ली, 13 सितंबर 2026। इंडोनेशिया में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां पर खराब मौसम के दौरान 243 लोगों को लेकर जा रहा एक जहाज समंदर में लापता हो गया है। जानकारी सामने आने के बाद शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान से 103 लोगों को निकाला गया है, जिसमें से 1 व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 102 लोग सुरक्षित हैं। बाकी लोगों की खोज की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह जहाज जावा सागर में लापता हुआ हुआ है। यह शनिवार को पूर्वी जावा के शहर सुराबाया से दक्षिण कालीमतन के लिए रवाना हुआ था।

    इंडोनेशिया की सर्च टीम ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक 'वर्को ट्रांसपोर्ट 8' नामक यह जहाज 243 लोगों को लेकर पूर्वी जावा के शहर सुराबाया से निकला था। रविवार सुबह इसका बेस से संपर्क टूट गया। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया है। रेस्क्यू टीम के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने एक वीडियो बयान में कहा कि अलग-अलग जहाजों का इस्तेमाल करके 103 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। उन्होंने कहा कि बचाए गए कुछ लोगों को पूर्वी जावा के एक बंदरगाह पर ले जाया जाएगा। इसके अलावा 140 लोगों की तलाश की जा रही है।

    घटनास्थल पर खोज एवं बचाव कार्य के लिए जहाज़ और एक हेलीकॉप्टर तैनात किये गये हैं। जावा सागर के उस इलाके में मौजूद अन्य सभी जहाजों को यात्रियों के बारे में कोई भी संकेत मिलने पर सूचना देने के लिए अलर्ट किया गया है। यह घटना पिछले महीने इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास एक दूसरे जहाज में आग लगने के बाद हुई है जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी थी। इंडोनेशिया के द्वीप-समूह में 17,000 से ज्यादा द्वीप हैं और वहां जहाज परिवहन का एक आम माध्यम है।