• खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं.. मौत से पहले 16 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी का आखिरी वॉट्सएप स्टेटस वायरल

    प्यार और तकरार के बाद युवा प्राणघातक रास्ते अख्तियार कर रहे हैं। प्रेमी से फोन पर तनातनी के बाद मशहूर इनफ्लुएंसर और ब्यूटी क्वीन निधि तिवारी पंखे पर लटक गई।

    सिंगरौली, 28 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर 16 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली मशहूर इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी क्वीन निधि तिवारी की खुदकुशी के मामले में एक नया और बेहद भावुक मोड़ सामने आया है। सिंगरौली में अपने घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त करने से पहले निधि तिवारी द्वारा लिखा गया एक वॉट्सएप स्टेटस अब तेजी से वायरल हो रहा है। यह वायरल पोस्ट उनके भीतर चल रहे गहरे मानसिक तनाव और अकेलेपन की ओर इशारा कर रहा है।

    खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं…’ – वायरल हुआ आखिरी स्टेटस

    निधि तिवारी द्वारा लिखा गया सोशल मीडिया स्टेटस अब उनके प्रशंसकों के साथ-साथ पुलिस जांच के लिए भी अहम सुराग माना जा रहा है। वायरल पोस्ट में निधि ने लिखा था:

    “इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया… इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं. खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को…”

    इस भावुक संदेश से साफ संकेत मिलता है कि 30 वर्षीय इन्फ्लुएंसर भीतर से बेहद अकेलापन महसूस कर रही थीं।

    सोनू सिंह से फोन कॉल पर बहस के बाद उठाया खौफनाक कदम
    यह घटना मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र की है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:20 बजे निधि अपने कमरे में थीं और पंजाब निवासी सोनू सिंह से फोन पर बात कर रही थीं। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। इसके तुरंत बाद सोनू सिंह ने निधि की मां हेमलता तिवारी को फोन कर सूचना दी कि निधि अपने कमरे में फांसी लगाने की कोशिश कर रही है।

    दरवाजा तोड़कर निकाला गया, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

    सोनू सिंह की कॉल मिलते ही मां और बहनें कमरे की तरफ भागीं, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद परिजनों ने दामाद नीलेश मिश्रा को बुलाया और दरवाजा तोड़ा। अंदर निधि सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई पाई गईं। आनन-फानन में उन्हें फंदे से उतारकर एनसीएल अस्पताल सिंगरौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    16 लाख फॉलोअर्स और ब्यूटी कॉन्टेस्ट्स की स्टार

    30 वर्षीय निधि तिवारी क्षेत्र की एक जानी-मानी डिजिटल हस्ती थीं। उनके फेसबुक पर 9 लाख और इंस्टाग्राम पर 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। वह स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की स्टार रहने के साथ-साथ कई ब्यूटी कॉम्पिटिशन्स का खिताब भी अपने नाम कर चुकी थीं।

    थाना प्रभारी का बयान: हर एंगल से जांच जारी

    मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, वायरल सोशल मीडिया स्टेटस, कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) और सोनू सिंह से हुई बातचीत के आधार पर आत्महत्या के पीछे की असली वजहों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।