• हॉस्टल में छात्रा की मौत के बाद बड़ा एक्शन, मंत्री के भतीजे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

    ओड़िशा के गंजाम जिले में निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की 20 वर्षीय बीसीए छात्रा की हॉस्टल में संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पुलिस ने आत्महत्या के लिए  उकसाने के आरोप में राज्य के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना के भतीजे और छात्रा के कथित बॉयफ्रेंड विश्वजीत जेना को गिरफ्तार कर लिया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    गंजाम, 22 जून 2026. ओड़िशा के गंजाम जिले में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में राज्य के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना के भतीजे विश्वजीत जेना को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी 24 वर्षीय विश्वजीत जेना मृतक छात्रा का कथित बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है.

    पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय बीसीए छात्रा शनिवार (21 जून) को अपने गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली थी. घटना के समय छात्रा अपनी बहन और तीन अन्य  रूममेट्स के साथ उसी कमरे में रहती थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सूत्र बताते हैं कि मृतक छात्रा के मामा की शिकायत के आधार पर गोलंथरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस ) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और बाद में मिले सबूतों के आधार पर आरोपी बॉयफ्रेंड विश्वजीत को गिरफ्तार कर लिया.

    मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त
    तहकीकात के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वैज्ञानिक टीम और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने मौके से  डिजिटल और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए हैं. इनकी जांच कराई जा रही है, ताकि दोनों के बीच हुई बातचीत और अन्य डिजिटल  सबूतों की पड़ताल की जा सके. इस बीच बरहमपुर के पुलिस अधीक्षक एस. विवेक एम ने बताया कि छात्रा की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही  स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और बाद में उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग और विपक्ष ने उठाए सवाल 

    इस मामले ने  राजनीतिक रूप भी ले लिया है. राजनीतिक नेताओं का कहना है कि आरोपी का मंत्री से रिश्तेदारी होना जांच में बाधा नहीं बनना चाहिए एवं कानून को अपना काम करने देना चाहिए. वहीं, गंजाम जिला परिषद की उपाध्यक्ष राजेश्वरी डोरा ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उधर, बीजेपी के गंजाम जिला अध्यक्ष सरोज साबत ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी हो जाने के बाद वैधानिक कार्रवाई होगी. राजनीतिक दलों को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. फिलहाल मंत्री, आरोपी और परिवार की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.