राम मंदिर चंदा चोरी में बड़ा खुलासा, टिन्नू यादव ने उगले 2 नाम, ट्रस्ट में कोई पद नहीं तब भी वीआईपी पास
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे और दानराशि में कथित गड़बड़ी की जांच तेज हो गई है. एसआईटी ने ट्रस्ट के पदाधिकारी अनिल मिश्रा, महासचिव चंपत राय, टिन्नू यादव और गोपाल राव से पूछताछ कर कई अहम जानकारियां जुटाई है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
अयोध्या, 19 जून 2026. एसआईटी जांच में कैश के साथ -- साथ सोने, चांदी और हीरे के दान के रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है. हालांकि, अब तक किसी अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है. अयोध्या इस समय किसी कार्यक्रम या पूजा को लेकर नहीं, बल्कि आस्था में सेंध लगाने को लेकर सुर्खियों में है. यहां राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. इधर, एसआईटी जांच और छापेमारी कर रही है.
सूत्र बताते हैं कि आज चौथे दिन की जांच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. राम मंदिर के ट्रस्ट पदाधिकारी अनिल मिश्रा, महासचिव चंपत राय और उनके ड्राइवर राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और गोपाल राव से पूछताछ की गई है. इस दौरान एसआईटी ने कई सबूत जुटाए हैं. बताया जा रहा है कि टिन्नू यादव से जब दोबारा पूछताछ की गई तो गिनती प्रक्रिया में अनिल मिश्रा और गोपाल राव का नाम आया.
दान किए गए गहनों..
सूत्रों का कहना है कि अयोध्या राम मंदिर दानराशि और चढावे में कथित हेरफेर की जांच में कई नए पहलू सामने आए हैं, जिनमें कैश के साथ-साथ सोने, चांदी और हीरे के दान किए गए गहनों के रिकॉर्ड की भी गहराई से जांच की जा रही है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि दान में मिले बहुमूल्य आभूषणों के प्रबंधन और रिकॉर्ड में भी अनियमितता हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, विशेष जांच दल ( एसआईटी ) ने गुरुवार देर रात तक कई लोगों से पूछताछ कर अहम सबूत जुटाए हैं.
इसी क्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी अनिल मिश्रा से करीब 3 घंटे तक सवाल-- जवाब किए गए. इसके अलावा ट्रस्ट के महासचिव संपत राय और गोपाल राव से भी दोबारा पूछताछ की गई है. जांच टीम कथित तौर पर दानराशि की गणना, रिकॉर्ड और उससे जुड़े प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच कर रही है.
कई खामियां जांच टीम के सामने आई
सूत्रों का दावा है कि कैश के रिकॉर्ड में कई खामियां जांच टीम के सामने आई है. वहीं, चौथे दिन दोबारा हुई पूछताछ में टिन्नू यादव ने दानराशि की गिनती की प्रक्रिया को लेकर अनिल मिश्रा और गोपाल राव का नाम लिया है. इसके बाद एसआईटी ने दोनों की भूमिका की भी गहन जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि गोपाल राव ट्रस्ट में किसी आधिकारिक पद पर नहीं होने के बावजूद कथित रूप से वीवीआईपी दर्शन पास जारी करने के अधिकार का उपयोग करते रहे. उनकी आईडी का इस्तेमाल कर रहे एक रिश्तेदार द्वारा भी वीवीआईपी पास जारी किए जाने की जांच की जा रही है. इसके अलावा मंदिर प्रबंधन निर्माण कार्यों में उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
सूत्र बताते हैं कि मंदिर निर्माण के दौरान निर्माण सामग्री और पत्थरों की खरीद प्रक्रिया में भी गोपाल राव की खास भूमिका रही थी, जिसकी जानकारी अब जांच के दायरे में लाई जा रही है. हालांकि, अब तक एसआईटी या जिला प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.