• ऑटो चालक के घर से करोड़ों रुपए मिलने से पुलिस रह गई दंग, नोट गिनने मंगवानी पड़ी मशीन

    मध्य प्रदेश के सागर में ऑटो चालक के घर से 3 करोड़ रुपए मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं कि इतना पैसा ऑटो चालक के पास कहां से आया।

    सागर, 17 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश के सागर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऑटो चालक के घर में नोटों से भरे बैग मिले हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, 3 करोड़ रुपए बरामद हो चुके हैं। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

    जानिए पूरा मामला
    गोपालगंज थाना पुलिस ने एक मकान में हथियार होने की सूचना पर पुलिस ने रविवार सुबह दबिश दी। तलाशी के दौरान हथियार तो नहीं मिला, लेकिन मकान से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। नोटों की संख्या इतनी अधिक थी कि पुलिस ने मौके पर ही नोट गिनने की मशीन मंगवाई। 

    राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। करीब 5 घंटे तक चली गिनती के बाद पुलिस ने 3 करोड़ रुपए की राशि होने का खुलासा किया है। बताया जाता है कि यह पैसा आरोपियों के भोपाल में पदस्थ सरकारी इंजीनियर और रिश्तेदार का है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। 

    जानकारी के अनुसार पुलिस को सोशल मीडिया पर एक युवक की बंदूक के साथ फोटो डालने और उसके प्रदर्शन की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने सौरभ पिता राजेश अहिरवार के मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कोई हथियार नहीं मिला, लेकिन करीब 3 करोड़ रुपए के आसपास नकदी मिलने से पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

    करीब 5 घंटे तक चली नोटों की गिनती
    पुलिस के आला अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने नोटों की गिनती शुरू की। करीब 5 घंटे तक चली गिनती के बाद कुल राशि 3 करोड़ होना बताई गई। पुलिस नकदी के दस्तावेज और उसके स्रोत की भी जांच कर रही है। आयकर विभाग को भी मामले की सूचना दी गई है।

    नकदी मिलने के बाद पुलिस ने मकान में मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। परिवार की ओर से बताया गया कि यह पैसा उनके एक रिश्तेदार का है, जो भोपाल में इंजीनियर है। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उसके मकान में रखे होने की वजह की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस सौरभ अहिरवार और अंकित अहिरवार से पूछताछ कर रही है। मामले की खबर सुनकर आसपास के लोग भी हैरान हैं।