नहीं रहे प्रख्यात अधिवक्ता, संपादक और विशिष्ट समाजसेवी गोविंद नारायण अग्रवाल, लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
संबलपुर, 1 सितंबर 2026. पश्चिम ओड़िशा स्थित संबलपुर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता और जाने पहचाने गोविंद नारायण अग्रवाल का निवास पर बुधवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री और संबलपुर क्षेत्र के सांसद धर्मेंद्र प्रधान, राज्य के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, विशिष्ट समाजसेवी कार्तिक प्रसाद बहिदार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत गोविंद नारायण अग्रवाल को संबलपुर क्षेत्र का महान सपूत बताया और उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी. श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए समाजसेवी कार्तिक प्रसाद बहिदार ने कहा कि वे संबलपुर क्रीड़ा संघ के आजीवन सदस्य रहे. वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे. उनके जाने से संबलपुर क्षेत्र का एक अभिभावक चला गया.
वहीं, हैदराबाद के वरिष्ठ पत्रकार और लंबे समय तक उनके साथ जुड़े रहे नजदीकी मित्र देहाती विश्वनाथ ने उनके निधन को सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. ईश्वर उनकी अमर आत्मा को शांति एवं सद्गति प्रदान करें तथा परिजनों को उनके वियोग जनित दारुण दुख को सहन करने का धैर्य शक्ति प्रदान करें. दिवंगत गोविंद नारायण अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चाहने वालों ने उनकी सरलता और व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को सदा के लिए यादगार बताया.
उनकी अंतिम यात्रा बुधवार दोपहर 3 बजे उनके निवास स्थान बालमुकुंद दोड़ा लेन, खेतराजपुर, संबलपुर से स्वर्ग द्वार के लिए प्रस्थान करेगी. दिवंगत अग्रवाल ने अपने शोकाकुल भतीजे शंभू दयाल तुलस्यान, पुरुषोत्तम दयाल तुलस्यान, जयप्रकाश तुलस्यान, ज्ञान प्रकाश और प्रदीप सहित पूरे परिवार को विलखते हुए छोड़ गए हैं. ओम शांति!