तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव हाउस अरेस्ट, नालगोंडा जाने से रोका गया
बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नालगोंडा में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. नागम वर्षित रेड्डी के घर में तोड़फोड़ की थी. रामचंद्र राव को उनसे मिलने नालगोंडा जाना था लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने से रोका और हाउस अरेस्ट कर लिया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 2 सितंबर 2026. तेलंगाना बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को मंगलवार को नजर बंद कर दिया गया. उनका कहना है कि उन्हें नालगोंडा जाने से रोका गया. अभी भी उनके घर पर भारी पुलिस बल तैनात हैं. आरोप है कि कांग्रेस का कार्यकर्ताओं ने वर्षित रेड्डी के घर में तोड़फोड़ की और उनके परिवार के सदस्यों के साथ बदसलूकी की. रामचंद्र राव जिला भाजपा अध्यक्ष वर्षीत रेड्डी से मिलने जाने वाले थे.
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
तेलंगाना बीजेपी ने 'एक्स ' पर एक पोस्ट किया. जिसमें लिखा, कल शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नालगोंडा के भाजपा जिला अध्यक्ष वर्षित रेड्डी के घर में तोड़फोड़ की थी. जिसमें उनकी मां सहित परिवार के उन सदस्यों से बदतमीजी किया गया था. वहीं मंगलवार को तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव नालगोंडा के जिला अध्यक्ष से मिलने जाने वाले थे लेकिन उन्हें नालगोंडा जाने से रोक दिया गया.
राव को कर दिया गया नजरबंद
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस सरकार ने राव को नजर बंद कर दिया और उन्हें नालगोंडा जाने से रोका गया, जिससे वे वहां ना जा सके और हमले का शिकार हुए भाजपा परिवार का साथ ना दे सके.
भाजपा जिला अध्यक्ष के घर तोड़फोड़
नालगोंडा में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी. आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ. नागम वर्षित रेड्डी के घर पर तोड़फोड़ की थी. देवरा कोंडा रोड स्थित हिमागिरी कॉलोनी में बीजेपी के जिला अध्यक्ष के घर में रखा हुआ फर्नीचर तोड़ दिया गया और इस दौरान वर्षित रेड्डी की बुजुर्ग मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बदसलूकी की गई. ऐसा बीजेपी वालों का आरोप है.