• स्टार्ट करते ही  धूं-धूंकर कर जलने लगी मंत्रालय की बस

    नया रायपुर स्थित महानदी भवन के गेट नंबर 4 के सामने बस में आग लग गई। शाम 5:30 बजे छुट्टी के बाद अधिकारी- कर्मचारी कबीर नगर जाने के लिए बस में सवार हुए। उधर ड्राइवर ने जैसे ही बस स्टार्ट किया, इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बस में भीषण आग लग गई। बस में सवार अधिकारी- कर्मचारी बाल बाल बचे।

    रायपुर, 23 सितंबर 2026। नया रायपुर में आज एक बड़ा हादसा हो गया। मंत्रालयीन अधिकारी- कर्मचारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई। पुलिस जवान की  सतर्कता से बस में सवार लोगों को समय रहते नीचे उतार लिया गया, वरना बड़ी घटना घट सकती थी। इस घटना की भर्त्सना करते हुए मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी संघ ने रोष व्यक्त किया और कल ज्ञापन देने की बात कही है।

    नया रायपुर के महानदी भवन के गेट नंबर 4 के सामने खड़ी बस में अधिकारी- कर्मचारी शाम 5.30 बजे छुट्टी के बाद कबीर नगर जाने के लिए बस में सवार हुए। ड्राइवर ने जैसे ही बस को स्टार्ट किया। वैसे ही बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। बस से थोड़ा दूर खड़े पुलिस के जवान ने देखा कि बस के इंजन से धुआं निकल रहा है। दौड़कर पास जाकर सबको बताया कि बस के इंजन से धुआं निकल रहा है। यह सुनकर कर्मचारी सकते में आ गए। आनन-फानन में बस में सवार सभी लोग बाहर उतरे ही थे कि 2 मिनट के बाद इंजन जलने लगा। देखते ही देखते पूरी बस धूं-धूंकर कर जलने लगी। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगी। पुलिस के जवानों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन तेज लपटों के सामने वे असफल रहे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उसके पहुंचते तक पूरी बस जलकर खाक हो गई।

    बड़ा हादसा टल गया वरना बड़ी हानि हो सकती थी..

    समय रहते पुलिस के जवान ने दौड़कर ड्राइवर और बस में सवार सभी लोगों को इंजन से धुआं लगने की सूचना दी और उन्हें जल्दी उतारने के लिए कहा। यह सुनते ही बस में सवार अधिकारी- कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया और वे आनन-फानन में नीचे उतरे। बस से नीचे उतरने में यदि थोड़ी भी देरी करते तो बड़ी घटना घट सकती थी। क्योंकि कुछ मिनट बाद ही इंजन में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी बस को चपेट में ले लिया। अधिकारी- कर्मचारी बाल बाल बचे।

    कंडम बस, कर्मचारियों में रोष

    बताया जा रहा है कि यह आगजनित बस 14 साल पुरानी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने कर्मचारियों के घर आने-जाने के लिए बस की व्यवस्था की है। ये बसें रायपुर शहर से मंत्रालय जाती हैं और वापस आती हैं। आज की घटना के बाद मंत्रालयीन अधिकारी- कर्मचारी संघ ने रोष व्यक्त किया है और उन्होंने मंत्रालयीन अधिकारी- कर्मचारियों के लिए लगाई गई कंडम बसों को तत्काल सेवा से हटाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि 14 साल पुरानी बसें चलाई जा रही है। कंडम बसों के कारण कभी भी कोई घटना घट सकती है।