• कार की टक्कर से गई महिला की जान, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

    हैदराबाद  के मधापुर इलाके में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद, राज्यसभा सांसद के बेटे को आरोपी बनाया गया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस महिला की मौत एस्टन मार्टिन कार से टकराने की वजह से हुई थी. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:
    हैदराबाद, 22 अगस्त 2026. हैदराबाद के  व्यस्ततम इलाका माधापुर में सड़क हादसे में हुई महिला की मौत के बाद, राज्यसभा सांसद के बेटे को आरोपी बनाया गया है. पुलिस के मुताबिक, 26 साल की इस महिला की मौत एस्टन मार्टिन कार से टकराने के चलते हुई थी. इस मामले में राज्यसभा सांसद  लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजुष पर आरोप लगे हैं.

    गौरतलब है कि लिंगमनेनी रमेश मशहूर अभिनेता पवन कल्याण की पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं. इसके मुताबिक, कार तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था. घटना की शिकार  भारती मुखी, एक मॉल में कपड़े स्टोर पर काम करती थी. बीते दोपहर को  वे माधापुर इलाके में सड़क पार कर रही थी. इसी दौरान भारती कार की चपेट में आ गई और उसकी जान चली गई.

    साइबराबाद पुलिस के मुताबिक पुलिस ने  तहकीकात के बाद इस मामले में दोषी के तौर पर 21 वर्षीय संजुष की पहचान की है. उसके पिता एक कारोबारी हैं और आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण की पार्टी के सांसद हैं. हालांकि, आरोपी संजुष को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है. इस संदर्भ में माधापुर के सहायक पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि आरोपी को नोटिस जारी कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया क्योंकि अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सजा 7 साल से कम है.

    कैसे हुआ हादसा
    पुलिस में दर्ज  प्राथमिकी के मुताबिक, भारती मुखी और उनकी सहकर्मी पूजा अशोक एलोन दोपहर 3 बजे लंच के लिए नजदीकी  आईटीसी कोहिनूर इलाके की ओर गई थी. बाद में वह अपने काम पर वापस लौट रही थी. तभी सड़क पार करते वक्त एस्टन मार्टिन कार ने उन्हें टक्कर मार दी. पुलिस के मुताबिक, भारती को गंभीर हालत में उसी कार से जुबली हिल्स के अपोलो हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बाद में उसकी दोस्त पूजा ने स्टोर प्रबंधक अश्विनी कुमार को इसकी सूचना दी और तब जाकर अश्विनी ने  पुलिस में फोन किया. पुलिस में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जब भारती मुखी का एक्सीडेंट हुआ, कार तेज गति से और लापरवाही से चलाई जा रही थी. आगे पुलिस की कार्रवाई जारी है.