छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ क्यों दर्ज किया गया केस?
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में पुलिस ने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि उन्होंने भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और उसे स्वतंत्रता दिवस के दिन की घटना के तौर पर पेश किया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
रायपुर, 19 अगस्त 2026. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस पुलिस थाने में 'शून्य प्रथमिकी ' दर्ज की गई. इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़ी एक प्राथमिकी पहले से ही धमतरी में दर्ज है, इसलिए जांच वहीं से आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर नेहा सिंह राठौड़ और 'एक्स ' खाते 'जेन जी ऑफ इंडिया ' का नाम शामिल है.
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायत के मुताबिक, 22 मार्च 2026 को धमतरी के कुरूद में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए. आरोप है कि इन्हें 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह बताकर पेश किया गया. शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह पार्टी का झंडा फहराया. इसी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
किन धाराओं में दर्ज किया गया केस
शिकायतकर्ता ने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, वीडियो, तस्वीरें, मैसेज और कमेंट समेत सभी डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की मांग की है. साथ ही, इन पोस्ट का असली सोर्स, उन्हें कब और कहां से अपलोड किया गया और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी की जांच करने को कहा है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में बीएनएस से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
सुप्रिया श्रीनेत ने वीडियो शेयर करते हुए क्या लिखा
श्रीनेत ने 15 अगस्त की रात 'एक्स ' पर पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें चंद्राकर और अन्य लोग कुरूद में बीजेपी का झंडा फहराते दिखाई दे रहे थे. उन्होंने दावा किया था कि यह घटना स्वतंत्रता दिवस के दौरान की है. उन्होंने लिखा था, "यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है. स्वतंत्रता दिवस भाजपा सदस्य तिरंगे के बजाय भाजपा का झंडा फहरा रहे हैं. 53 साल तक उनके पूर्वजों ने तिरंगे का बहिष्कार किया और आज भी वे राष्ट्रीय ध्वज का अनादर करने से बाज नहीं आते."