• सरगुजा में 15 किमी पैदल चलकर अपनी समस्याएं बताने कलेक्टोरेट पहुंची छात्राएं: CM के एक फोन से नप गए अधिकारी

    रायपुर/अम्बिकापुर, 9 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के अपनी समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्टोरेट के लिए निकलने की घटना को गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में लंबे समय से समस्याएं बने रहने और छात्राओं को अपनी बात रखने के लिए इस तरह पैदल निकलने की स्थिति उत्पन्न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री के एक फोन से नप गए अधिकारी। इस मामले में प्राचार्य को तत्काल हटा दिया गया है। वहीं होस्टल वार्डन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

    क्या है पूरा मामला

    सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राएं अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलने 30 किमी पैदल निकल पड़ी। उनकी सुरक्षा के लिहाज से स्कूल के शिक्षक भी उनके साथ चलने लगे। इसकी खबर लगते प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव उन्हें मनाने पहुंचे। फिर सहायक आयुक्त भी वहां पहुंचकर छात्राओं से बात करने की कोशिश की। छात्राओं ने किसी की बात नहीं मानी। हड़बड़ाए सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने 15 किमी चलने के बाद छात्राओं को किसी तरह बस में बैठाकर कलेक्टोरेट पहुंचाया। जहां छात्राओं ने कलेक्टर अजित वसंत को अपनी समस्याएं बताई। उन्होंने बताया कि उनके विद्यालय में 3 महीने से बिजली नहीं है। केमिस्ट्री और फिजिक्स के 2 महीने से टीचर ठीक से पढ़ा नहीं रहे हैं। छात्रावास के मेस में भारी गंदगी फैली हुई है। अच्छा खाना नहीं मिल रहा है। छात्रावास की कई समस्याएं कलेक्टर को बताई। प्राचार्य और वार्डन को समस्याएं बताने पर वे ध्यान नहीं देते हैं।

    प्राचार्य हटाए गए

    पूरे मामले की कलेक्टर ने एसडीएम शारदा अग्रवाल से प्रारंभिक जांच करवाई। जांच के मद्देनजर विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को आगामी आदेश तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास अम्बिकापुर में कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है। वहीं प्रतीक्षा त्रिपाठी को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर के प्राचार्य पद दिया गया है। अरविन्द अशोक तिग्गा को उनके मूल पदस्थ संस्था एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपाट के लिए कार्यमुक्त किया गया है। विद्यालय की छात्रावास अधीक्षक आयुषी सोनी को शासकीय कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन का भुगतान अब कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।